बीकानेर।
पूर्व मंत्री और दिग्गज नेता देवीसिंह भाटी ने एक बार फिर बड़ा एलान किया है। भाटी ने बीकानेर कलेक्ट्रटी पर अनिश्चितकालीन धरने का एलान किया है। उन्होंने जिले में पेयजल संकट को लेकर आज बीकानेर सर्किट हाउस में एक प्रेस वार्ता की।
भाटी ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में मुख्य सचिव से लेकर तमाम अधिकारियों को पत्र लिखा है, लेकिन कोई भी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा नहीं कर रहा है। भाटी ने बताया कि बीकानेर जिले के ग्रामीण अंचल और शहर, कस्बों में पानी का भारी संकट है। जलदाय विभाग, इं.गां.न. परियोजना के अधिकारी अपने कार्यालयों में बैठे रहते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं।
इं.गां.न. परियोजना की नहर बंदी भी तय नहीं की गई और न ही नहरों में पानी भरकर हैंड-अप किया गया। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की डिग्गी खाली पड़ी है। खाजूवाला मण्डी क्षेत्र में 2023 में खारा पानी वितरण किया गया और आज भी वही स्थिति है, जिससे लोग पानी नहीं पी सकते, केवल पशु पी सकते हैं।
भाटी ने बताया कि पूरे बीकानेर जिले में जल जीवन मिशन योजना विफल रही है, और कोई भी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में नहीं जा रहा। बीकानेर शहर में भी लोग पानी के लिए 800 से 1000 रुपये तक भुगतान करने के लिए मजबूर हैं। वहीं, बीडीए और नगर निगम में पानी के टैंकर वितरण के ठेके तो हो चुके हैं, लेकिन कहीं भी टैंकर नहीं पहुंच रहे हैं।
- Advertisement -
भाटी ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि वे निजी टैंकरों की दरों को सही तरीके से तय करें, क्योंकि इस लापरवाही के कारण राज्य सरकार की बदनामी हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल संकट का समाधान नहीं किया गया, तो 8 मई 2025 को वे बीकानेर कचहरी परिसर में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
