बीकानेर: राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से लालगढ़ एलसी 136 पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात रूट डायवर्ट किया जाएगा।
इस दौरान अनाज मंडी से रामपुरा बस्ती जाने वाला रास्ता बंद रहेगा, जबकि अनाज मंडी से लालगढ़ रेलवे स्टेशन तक रास्ता खुला रहेगा। श्रीगंगानगर-बीकानेर रोड से लालगढ़ जाने वाले वाहन चालक सुपर मार्केट होते हुए रीको करणी औद्योगिक क्षेत्र के रास्ते से आ-जा सकते हैं। इसके अलावा, बीकानेर से पुलिस लाइन चौराहा होते हुए गजनेर रोड आरओबी की सर्विस लाइन के जरिए रामपुरा बस्ती और लालगढ़ तक आवाजाही की जा सकेगी।
बाइक चोरी के आरोपी को दो साल की सजा
बीकानेर: दस साल पहले कोटगेट थाना क्षेत्र में हुई बाइक चोरी के मामले में अदालत ने आरोपी को दो साल के कारावास और दस हजार रुपए के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन अधिकारी गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि 16 जून 2015 को गणपति प्लाजा से मोहनसिंह की बाइक चोरी हो गई थी। कोटगेट पुलिस ने जांच के दौरान प्रेमसिंह और श्रवणसिंह के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए।
- Advertisement -
मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट पेश की। अभियोजन पक्ष ने नौ गवाहों के बयान दर्ज कराए और 14 दस्तावेज पेश किए। सुनवाई के दौरान प्रेमसिंह का निधन हो गया। अदालत ने श्रवणसिंह को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।
