बीकानेर: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग की शिकायतों पर शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया।
जिला रसद अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, प्रवर्तन निरीक्षक प्रखर भार्गव और जय सिंह ने राव बीकाजी मार्केट में महादेव एग्रो एजेंसी के सामने स्थित एक दुकान पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान, इन्द्रा कॉलोनी स्थित राजपुरोहित चौक निवासी देवानंद पारीक को अवैध रिफिलिंग और गैस सिलेंडर भंडारण करते हुए पकड़ा गया। मौके से 6 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रिफिलिंग मशीन और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।
इसी कार्रवाई के तहत, आडू पीर दरगाह के पास अजय पुत्र चुन्नीलाल को भी अवैध रिफिलिंग और भंडारण करते हुए पाया गया। वहां से 4 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रिफिलिंग मशीन और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध एलपीजी अधिनियम 2000 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया जाएगा।
