राजस्थान में बारिश के बाद अब गर्मी का प्रकोप, 5 जिलों में हीट वेव का अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिला। गुरुवार को अलवर में हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर, टोंक और भरतपुर में भी तेज हवाएं चलीं और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान के जिलों में तेज गर्मी बनी रही।
अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी के तेवर तीखे हो गए हैं। दोपहर के समय लोग तेज धूप से बचने के लिए छांव ढूंढते नजर आए। हालांकि, गुरुवार शाम को अचानक आई आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई और मौसम में हल्की ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग के अनुसार, अब मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। इसी के तहत राजस्थान के कुछ जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
किन जिलों में जारी हुआ हीट वेव अलर्ट?
मौसम विभाग ने 6 अप्रैल को बाड़मेर और जैसलमेर में और 7 अप्रैल को भीलवाड़ा, बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और जोधपुर में हीट वेव की संभावना जताई है। इन जिलों में गर्म हवाओं के असर को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
