नई दिल्ली: वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024 के खिलाफ कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने इस कानून को मुसलमानों के प्रति भेदभावपूर्ण बताते हुए इसे संविधान के अनुच्छेद 14, 25, 26, 29 और 300 ए का उल्लंघन करार दिया है।
लोकसभा और राज्यसभा से पारित हुआ विधेयक
वक्फ (संशोधन) विधेयक लोकसभा और राज्यसभा दोनों से पारित हो चुका है। हालांकि, कांग्रेस ने संसद में इस बिल का विरोध किया था। राज्यसभा में विधेयक के पक्ष में 128 वोट और विपक्ष में 95 वोट पड़े।
कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी शीघ्र ही इस विधेयक को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार द्वारा संविधान के सिद्धांतों और प्रावधानों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, जिनका कांग्रेस विरोध करेगी।
देशभर में विरोध प्रदर्शन
वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ देश के कई हिस्सों में मुस्लिम संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए गए। अहमदाबाद, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद समेत कई शहरों में प्रदर्शन हुए।
- Advertisement -
AIMPLB ने सरकार पर लगाया आरोप
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने इस विधेयक को लोकतंत्र के लिए काला अध्याय बताया और सरकार पर मुस्लिमों की आवाज अनसुनी करने का आरोप लगाया। बोर्ड ने कहा कि मुसलमान इस बिल के खिलाफ देशभर में विरोध जारी रखेंगे।
