बीकानेर. पुलिस हार्डकोर बदमाशों की धरपकड़ के लिए सभी जतन कर चुकी है, लेकिन बीकानेर रेंज के नौ बदमाश पुलिस की पकड़ से अब भी दूर हैं, जिनको दबोचने के लिए इनामी राशि बढ़ाई गई है। फिर भी बदमाश हाथ नहीं लगे। अब पुलिस वर्ष 2024 में इनामी हार्डकोर बदमाशों को पकड़ने की जोर आजमाइश नए सिरे से करेगी।आठ बदमाशों की राशी बढ़ाई, एक पकड़ा गया बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने छह माह पहले श्रीगंगानगर के तीन, बीकानेर-हनुमानगढ़ के दो-दो एवं चूरू के एक बदमाश पर घोषित ईनामी राशि को बढ़ाकर दो गुना किया था। यह बदमाश लूट, हत्या, डकैती, मारपीट, दुष्कर्म जैसे संगीन मामले में वांछित हैं। पुलिस के अथक प्रयासों के बावजूद महज एक हार्डकोर बदमाश गैंगस्टर रोहित गोदारा उर्फ रावताराम स्वामी का खास गुर्गा दानाराम उर्फ दानिया पकड़ में आया। शेष इनामी बदमाश आज भी पुलिस को मुंह चिढ़ा रहे हैं।इन बदमाशों की बढ़ाई थी इनामी राशि बीकानेर के वांछित रहीश कुमार पर 30 हजार, श्रीगंगानगर के सचिन थापन पर 50 हजार, अनमोल उर्फ भानू पर 50 हजार, सतविन्द्र उर्फ गोल्डी बराड़ पर 50 हजार, हनुमानगढ़ के पवन पर 30 हजार, बूटासिंह कम्बोज सिंह पर 30 हजार एवं चूरू के सुरेश कुमार नाई पर इनामी राशि बढ़ाकर 30 हजार की गई थी। बीकानेर के वांछित गैंगस्टर रोहित गोदारा के खास गुर्गे दानाराम उर्फ दानिया पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार की गई थी।राज्य व जिले के टॉप बदमाश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाने का वांछित अनमोल उर्फ भानू, सचिन थापन एवं चूरू के दूधवाखारा थाने का वांछित सुरेश कुमार नाई राज्य स्तर पर टॉप-25 एवं श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाने का सतविन्द्र उर्फ गोल्डी बराड़, हनुमानगढ़ जिले के भादरा थाने का वांछित बदमाश पवन एवं हनुमानगढ़ टाउन थाने का वांछित कूटासिंह जिला टॉप-10 की सूची में शामिल हैं।विदेश में छिप कर बैठा गैंगस्टर रोहित प्रदेश पुलिस के लिए गैंगस्टर रोहित गोदारा उर्फ रावताराम स्वामी सिरदर्द बना हुआ है। वर्ष 2023 में फिरौती, लूट व हत्या जैसे कई संगीन मामलों में उसका नाम उछला। गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड और श्रीकरणी राष्ट्रीय राजपूत सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्याकांड में भी गैंगस्टर रोहित का नाम आया। रोहित काफी समय से विदेश में जाकर बैठा है और सोशल साइट के माध्यम से अपने गुर्गों को टास्क देकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दिलवा रहा है। पुलिस ने रोहित की गिरफ्तारी के लिए लुक आउट नोटिस भी जारी करवा रखा है।नववर्ष में नई योजना से करेंगे काम हार्डकोर व इनामी बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है। कई बदमाशों को पकड़कर सलाखों के पीछे भी डाला है। वर्ष 2024 में हार्डकोर इनामी बदमाशों को पकड़ने के लक्ष्य को पूरा करेंगे। नववर्ष में नई ऊर्जा व नई योजना के साथ काम करेंगे।ओमप्रकाश, बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक
