बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 58वें पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। सीएम ने समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में 58वें पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन की तैयारियों की द्वितीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्र एवं राज्यों के पुलिस महानिदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने सम्मेलन से संबंधित सभी विभागीय अधिकारियों को आवास, सुरक्षा, परिवहन, खानपान, पर्यटन सहित छोटी-छोटी जरूरत का विशेष ध्यान रखने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तरह की तैयारियां समयबद्ध सुनिश्चित की जाए ।
शर्मा ने कहा कि सम्मेलन में जयपुर एयरपोर्ट से लेकर विधायक आवास, राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, पर्यटन स्थलों सहित सभी वीआईपी मार्गों पर तैयारियों का पूर्वाभ्यास किए जाने के साथ ही बैकअप प्लान तैयार रखें। उन्होंने कहा कि विधायक आवास से लेकर आरआईसी के अंदर और बाहर तक विभिन्न स्थानों पर राजस्थान के कला और संस्कृति से संबंधित होर्डिंग लगाए जाएं, ताकि आगन्तुकों के लिए यह सम्मेलन यादगार बनें। सम्मेलन के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर आमजन को समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के जरिए पूर्व में ही अवगत कराएं।
