बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र में मंगलवार को यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस जसरासर से बीकानेर की ओर आ रही थी। हादसा सीथल गांव के पास एक मोड़ पर हुआ, जहां चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही नापासर थाना प्रभारी सुषमा शेखावत पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

