राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस में दोबारा शामिल हुए वरिष्ठ नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय की वापसी को अब पार्टी हाईकमान की औपचारिक मंजूरी मिल गई है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की स्वीकृति और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मुहर के बाद राजस्थान कांग्रेस ने उनकी पार्टी में वापसी का आधिकारिक ऐलान कर दिया है।
महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने 11 जनवरी को कांग्रेस में लौटने की घोषणा की थी, हालांकि इस निर्णय को औपचारिक रूप देने में लगभग पांच दिन का समय लगा। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था, जिसके बाद उनकी वापसी पर पार्टी स्तर पर विचार किया जा रहा था।
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा से 11 जनवरी को हुई मुलाकात के बाद यह मामला कांग्रेस की अनुशासन समिति को सौंपा गया था। इस बैठक में पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद थे। अनुशासन समिति ने विचार-विमर्श के बाद अपनी रिपोर्ट पीसीसी अध्यक्ष को सौंपी, जिसके आधार पर कांग्रेस हाईकमान ने मालवीय की वापसी को मंजूरी दी।
अब औपचारिक घोषणा के साथ महेंद्रजीत सिंह मालवीय एक बार फिर कांग्रेस के सक्रिय नेता के रूप में राजनीतिक भूमिका निभाएंगे।

