बीकानेर जिले के महाजन थाना क्षेत्र में बिजली का तार टूटकर गिरने से दो भेड़ों की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी, जिसके बाद संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
जानकारी के अनुसार, महाजन क्षेत्र में 33 केवी जीएसएस से कृषि कुओं की ओर जाने वाले 11 केवी फीडर का बिजली का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। उस समय तार में विद्युत प्रवाह जारी था।
इसी दौरान पास में चर रही दो भेड़ें टूटे हुए तार की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से दोनों भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत संबंधित जीएसएस को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर टूटे हुए तारों को दोबारा जोड़ने का कार्य शुरू किया।
- Advertisement -
स्थानीय लोगों ने खुले में टूटे बिजली के तारों को गंभीर खतरा बताते हुए बिजली लाइनों के नियमित रखरखाव और समय पर निरीक्षण की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
