बीकानेर जिले के नापासर थाना क्षेत्र के हेमेरा गांव में उधार दिए गए 5 हजार रुपए वापस मांगने को लेकर एक युवक पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नापासर थाना प्रभारी सुषमा शेखावत के अनुसार, हेमेरा निवासी रामस्वरूप पुत्र उदाराम जाट (23) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उसने खिलेरिया निवासी गुलाबराम को 5 हजार रुपए उधार दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे तो इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, 5 जुलाई को हेमेरा गांव में इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। बाद में रामस्वरूप अपने साथी राजूराम के साथ पिकअप वाहन से ट्यूबवेल बोरिंग का कार्य पूरा कर देर रात करीब 11 से 11:30 बजे गांव लौट रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हेमेरा गांव से करीब दो किलोमीटर पहले कांकड़ क्षेत्र में चार मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपी पहुंचे और उनकी पिकअप रुकवा ली। इसके बाद गुलाबराम ने कथित रूप से रामस्वरूप का गला पकड़कर उसे वाहन से नीचे खींच लिया और रुपए मांगने की बात को लेकर लाठी से हमला कर दिया।
- Advertisement -
पीड़ित का आरोप है कि बीच-बचाव करने आए राजूराम पर भी लाठी से हमला किया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। शिकायत के अनुसार, अन्य आरोपियों ने भी लाठियों और सरियों से दोनों के साथ मारपीट की।
पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 307 तथा एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण संख्या 138/2026 दर्ज किया है।
इस मामले में गुलाबराम, जितेंद्र, हजारीराम, पूनम, किशन, पालाराम, रामलाल, मुकेश और सुशील को नामजद किया गया है। मामले की जांच गंगाशहर वृत्ताधिकारी (सीओ) हिमांशु शर्मा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
