बीकानेर जिले के नापासर कस्बे में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत महात्मा गांधी सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती राजकीय विद्यालय के नए भवन निर्माण का भूमि पूजन शनिवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने किया। विद्यालय भवन का निर्माण सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विद्यालयों में नए कक्षों का निर्माण, आधुनिक सुविधाओं का विकास और तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में शिक्षा के विकास में भामाशाहों का योगदान हमेशा सराहनीय रहा है। सुगनचंद गंगाबिशन बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा यह सहयोग नापासर क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा।
50 लाख रुपये की आधुनिक लाइब्रेरी की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मंत्री गोदारा ने विद्यालय परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं वाली लाइब्रेरी बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि इसमें 25 लाख रुपये विधायक निधि और 25 लाख रुपये नगर पालिका की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे।
- Advertisement -
उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी।
नापासर में होंगे कई विकास कार्य
मंत्री गोदारा ने बताया कि कस्बे के राजीव गांधी स्टेडियम में भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि खिलाड़ियों और युवाओं को बेहतर खेल संसाधन मिल सकें।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के तहत 40 करोड़ रुपये की लागत से नापासर में उपजिला अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। अस्पताल के लिए भूमि आवंटन हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य के लिए निविदा जारी की जाएगी।
इसके अलावा नगर पालिका क्षेत्र में अब तक 500 रोड लाइटें लगाई जा चुकी हैं तथा जल्द ही 500 और रोड लाइटें स्थापित की जाएंगी। दीपावली तक नगर पालिका को 80 लाख रुपये की जेट मशीन भी उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
31 जुलाई को होगी जनसुनवाई
कार्यक्रम में मंत्री ने जानकारी दी कि 31 जुलाई को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नगर पालिका नापासर में जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजधानी से लेकर जिला, ब्लॉक, नगर निकाय और ग्राम पंचायत स्तर तक नियमित जनसुनवाई आयोजित कर रही है, ताकि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर भामाशाह गंगाबिशन बाहेती ने कहा कि यह सहयोग उनकी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक छोटा प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए विद्यालय भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और वे भविष्य में क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
