जयपुर। राजस्थान सरकार की ओर से खोले गए तबादलों की प्रक्रिया का शुक्रवार अंतिम दिन है। अंतिम तिथि से पहले गुरुवार को अधिकांश विभागों में देर रात तक तबादला सूचियों को अंतिम रूप देने का काम चलता रहा। हालांकि शिक्षा विभाग को छोड़कर किसी भी बड़े विभाग ने नई सूची जारी नहीं की।
शिक्षा विभाग ने दूसरे दिन प्रतिनियुक्ति के आधार पर 919 व्याख्याताओं, प्राचार्यों और उप-प्राचार्यों के तबादला आदेश जारी किए। इससे एक दिन पहले विभाग ने करीब 8,300 शिक्षकों और अन्य कार्मिकों के तबादले किए थे।
तबादलों की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही राजधानी जयपुर में कर्मचारियों और अधिकारियों की भागदौड़ भी तेज रही। सुबह से ही मंत्री आवासों, सचिवालय और विभागीय कार्यालयों में तबादला चाहने वाले कर्मचारी आवेदन लेकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मुलाकात करते रहे। वहीं अधिकारी सिफारिशों के निस्तारण और सूचियों को अंतिम रूप देने में व्यस्त रहे।
कर्मचारियों के बीच तबादला अवधि एक बार फिर बढ़ाए जाने की चर्चाएं भी चलती रहीं। उल्लेखनीय है कि पहले तबादले 19 जून से 5 जुलाई तक खोले गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 10 जुलाई कर दिया गया। यदि सरकार समय सीमा नहीं बढ़ाती है तो शुक्रवार को कई विभागों की बड़ी तबादला सूचियां जारी होने की संभावना है।
- Advertisement -
इधर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की सूचना सहायक संवर्ग की तबादला सूची भी चर्चा में रही। 763 कार्मिकों की सूची में कई त्रुटियां सामने आने के बाद विभाग ने एक संशोधित सूची जारी कर कुछ गलतियां सुधार दीं, जबकि अन्य मामलों की समीक्षा जारी है।
इस बीच भाजपा प्रदेश कार्यालय भी तबादला सिफारिशों का प्रमुख केंद्र बना रहा। पार्टी सूत्रों के अनुसार अब तक करीब 24 हजार ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक आवेदन शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के हैं। पार्टी ने इन आवेदनों को संबंधित विभागों और मंत्रियों तक भेज दिया है। प्राथमिकता पति-पत्नी, एकल एवं विधवा महिला कर्मचारी, असाध्य रोग से पीड़ित कर्मचारियों तथा अन्य मानवीय परिस्थितियों वाले मामलों को दी जा रही है।
