बीकानेर में होटल एवं पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 11 जुलाई को शाम 6 बजे कपिल धारा, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम केवल नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बीकानेर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने तथा डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की रणनीति पर भी केंद्रित होगा।
समारोह में केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारीलाल बिश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। इसके अलावा भाजपा संगठन के पदाधिकारी और जिले के अन्य जनप्रतिनिधि भी समारोह में शामिल होंगे।
प्रशासनिक स्तर पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) ओमप्रकाश, जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, नगर निगम एवं बीडीए आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी सहित कई वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
- Advertisement -
समारोह में पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के विशेषज्ञ भी अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजन में पर्यटन, होटल व्यवसाय, डेस्टिनेशन वेडिंग और आधुनिक हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। जयपुर की प्रतिष्ठित इवेंट कंपनियों और उद्योग विशेषज्ञों की भागीदारी से बीकानेर की पर्यटन संभावनाओं को नए आयाम देने पर विशेष जोर रहेगा।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान (बीकानेर संभाग) के पदाधिकारियों के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य बीकानेर को पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए एक पसंदीदा शहर के रूप में स्थापित करना है। फेडरेशन का मानना है कि शहर की ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक विरासत, रेगिस्तानी पर्यटन और पारंपरिक राजस्थानी आतिथ्य को प्रभावी तरीके से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत कर पर्यटन उद्योग को नई गति दी जा सकती है।
फेडरेशन ने होटल एवं पर्यटन व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों, उद्योग प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों और आमंत्रित अतिथियों से समारोह में भाग लेने का आग्रह किया है। आयोजकों का विश्वास है कि यह कार्यक्रम बीकानेर के पर्यटन विकास, निवेश और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
