राजस्थान पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन नीलकंठ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत बीकानेर जिले की डूंगरगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध डोडा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 किलो 800 ग्राम डोडा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मुदित कच्छावा के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान डूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर ठुकरियासर निवासी 24 वर्षीय रामधन पुत्र कालूराम को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के पास से 12 किलो 800 ग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास मौजूद मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद डोडा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
- Advertisement -
बीकानेर पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
