बीकानेर। पीबीएम अस्पताल के मेडिसिन आईसीयू में भर्ती प्रसूता कमला की तबीयत एक बार फिर गंभीर हो गई है। फेफड़ों में निमोनिया की पुष्टि होने के बाद सोमवार को डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर शिफ्ट किया।
नापासर निवासी कमला की 8 जून को सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। ऑपरेशन के बाद उन्हें सेप्सिस की शिकायत हुई, जिससे किडनी प्रभावित हो गई और आईसीयू में भर्ती करना पड़ा। बाद में पेट में खून जमा होने के कारण उनका दोबारा ऑपरेशन भी किया गया। वर्तमान में उनका लगातार डायलिसिस चल रहा है और बेड साइड ईको जांच भी कराई गई है।
मेडिकल बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. परमेंद्र सिरोही ने बताया कि निमोनिया के कारण मरीज की स्थिति बिगड़ने पर वेंटिलेटर की आवश्यकता पड़ी। वहीं दूसरी प्रसूता इमरती देवी की हालत फिलहाल स्थिर है। उनका क्रिएटिनिन स्तर बढ़ा हुआ है, लेकिन यूरिन आउटपुट सामान्य है। चिकित्सकों ने उन्हें अभी अस्पताल से छुट्टी नहीं देने का निर्णय लिया है।
