बीकानेर के लेडी एल्गिन स्कूल के सामने स्थित अभय कमांड सेंटर के सीसीटीवी पोल को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे सरकारी और निजी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा। घटना 18 जून की रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।
इस संबंध में अभय कमांड सेंटर एवं पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत एसपीओसी नरेश शर्मा ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल पर लगे सीसीटीवी कैमरे, जंक्शन बॉक्स और फाइबर बॉक्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा पोल का फाउंडेशन भी टूट गया।
हादसे के दौरान क्षतिग्रस्त पोल पास स्थित जैन एंड संस नामक दुकान पर गिर गया, जिससे दुकान का बोर्ड और चौकी भी टूट गई। प्रारंभिक आकलन के अनुसार सीसीटीवी कैमरों को लगभग 85 हजार रुपये, जंक्शन बॉक्स को 20 हजार रुपये, पोल एवं फाउंडेशन को 40 हजार रुपये तथा दुकान को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
रिपोर्ट में वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
थानाधिकारी सविता डाल के नेतृत्व में पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से वाहन चालक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
