बीकानेर में 21 जून को केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वे बीकानेर से साबरमती के लिए शुरू होने वाली नई ट्रेन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित प्रमुख कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
जानकारी के अनुसार रेल मंत्री के साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भी मौजूद रहेंगे। हालांकि ट्रेन लोकार्पण का आधिकारिक समय अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके बीकानेर आगमन की पुष्टि हो चुकी है।
दौरे के दौरान वैष्णव डूंगर कॉलेज स्थित भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अधीन संचालित नाइलिट सेंटर का निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसके अलावा वे करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित योग दिवस समारोह में शामिल होकर योगाभ्यास करेंगे।
रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में कोटगेट सांखला फाटक अंडरपास (आरयूबी) के उद्घाटन की संभावनाओं पर भी चर्चा तेज हो गई है। यह परियोजना लंबे समय से शहरवासियों की प्रमुख मांग रही है।
- Advertisement -
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अश्विनी वैष्णव 22 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पलाना दौरे के दौरान बीकानेर आए थे। अब एक बार फिर उनका दौरा रेलवे और विकास परियोजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
