बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में हुए चाकूबाजी प्रकरण की जांच में कथित लापरवाही बरतने पर संबंधित जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसआई कोहरसिंह को नयाशहर थाने से हटाकर खाजूवाला थाने में नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में डीडू सिपाहियान मोहल्ले में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर मोइन खान, दानिश और सोइन खान ने इरफान अली पर चाकू, लाठियों और सरियों से हमला किया।
इस मामले की जांच एएसआई कोहरसिंह को सौंपी गई थी। बाद में पीड़ित पक्ष के लोगों ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर जांच में ढिलाई और लापरवाही बरतने की शिकायत की।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने जांच अधिकारी को नयाशहर थाने से हटाकर सीमावर्ती क्षेत्र के खाजूवाला थाने में स्थानांतरित कर दिया। मामले में पुलिस अब तक आरोपी सोइन खान को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी मोइन खान और दानिश अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
