बीकानेर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसलमेर कलेक्टर की एसएसओ आईडी में अवैध रूप से प्रवेश कर उससे छेड़छाड़ करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को झालावाड़ से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि में हेराफेरी करने की योजना बना रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कलेक्टर की एसएसओ आईडी में अनधिकृत लॉगिन करने के बाद डीओआईटी बीकानेर को एक फर्जी ईमेल भेजा। इस ईमेल में उसने कलेक्टर की आईडी से अपना मोबाइल नंबर जोड़ने का अनुरोध किया था। उसका मकसद पीएम किसान निधि, जनाधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और आपदा प्रबंधन जैसे पोर्टलों पर लाभार्थियों के भुगतान को अपने नियंत्रण में लेकर राशि को अन्य खातों में ट्रांसफर करना था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देश पर एएसपी रेवंतदान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने झालावाड़ के मनोहरथाना क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपी राहुल कुमार तंवर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले भी तहसीलदारों और पटवारियों की आईडी हैक कर लाभार्थियों की सूचियां हासिल कर चुका है। इसके बाद वह पात्र लाभार्थियों की बैंक जानकारी बदलकर सरकारी सहायता राशि अपने नियंत्रण वाले खातों में स्थानांतरित करता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि इस बार उसने राजस्थान के कई जिलों के कलेक्टरों की आईडी को निशाना बनाया था, ताकि बड़े स्तर पर वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम दिया जा सके।
