बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र में मोबाइल चार्ज करते समय करंट लगने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, शनि मंदिर के पीछे स्थित पवनपुरी झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र निवासी दीपेन्द्र आदिवासी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका 15 वर्षीय भाई रामकेश 13 जून की रात करीब 9 बजे मोबाइल चार्ज कर रहा था।
इसी दौरान बारिश के कारण कटे हुए बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आने से रामकेश गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
