राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने लगी हैं। रविवार को जयपुर, चित्तौड़गढ़ सहित कई जिलों में दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर करीब एक इंच तक वर्षा होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
जयपुर, अलवर, दौसा और टोंक समेत अनेक जिलों में बारिश से पहले तेज धूलभरी आंधियां चलीं। मौसम में आए बदलाव के कारण पूर्वी राजस्थान के साथ-साथ पश्चिमी जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फलोदी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश और आंधी का दौर जारी रहने की संभावना है। सोमवार को भी 15 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, अलवर, दौसा और भरतपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
वहीं बीकानेर जिले के लिए 17 जून को आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
- Advertisement -
प्री-मानसून की इस सक्रियता से जहां किसानों और आमजन को राहत मिली है, वहीं आगामी दिनों में मानसून की दस्तक को लेकर भी उम्मीदें बढ़ गई हैं।
