बीकानेर। लूनकरणसर थाना क्षेत्र में एक दूध व्यापारी के साथ मारपीट कर करीब साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुरनाणा निवासी भैराराम जाखड़ ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 13 जून की रात करीब 9:30 बजे वह दूध की गाड़ी लेकर नाथवाणा से लूनकरणसर की ओर आ रहा था। रास्ते में राजपुरिया फांटा के पास एक थार गाड़ी सड़क के बीच खड़ी मिली, जिसमें कुछ युवक सवार थे।
रिपोर्ट के अनुसार युवकों ने हाई बीम लाइट जला रखी थी। जब भैराराम ने उनसे वाहन हटाने के लिए कहा तो वे कथित रूप से नीचे उतर आए और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट का प्रयास किया। इसके बाद भैराराम वहां से रवाना हो गया, लेकिन आरोपित उसका पीछा करते रहे।
परिवादी ने आरोप लगाया कि रोझां चौराहे से पहले रेलवे फाटक बंद होने पर आरोपित वहां पहुंच गए और लाठी-सरियों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
- Advertisement -
रिपोर्ट में बताया गया है कि इसी दौरान आरोपित दूध बिक्री की दो गाड़ियों से संबंधित करीब 5.50 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई हीरालाल को सौंपी गई है।
