बीकानेर। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी विजेंद्र कुमार सीला के नेतृत्व में पुलिस टीम रेलवे कॉलोनी रोड स्थित मुर्गा ग्राउंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान लियाकत अली उर्फ नावेद उर्फ एनडी (34) पुत्र नत्थू खां, निवासी सर्वोदय बस्ती, विमल भवन के पीछे के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गौरव बोहरा को सौंपी गई है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रतनाराम, सुरेन्द्र कुमार, बलवीर सिंह, कैलाश और छगनलाल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।
