बीकानेर में अदालत के आदेशों की लगातार अनदेखी करना तीन पुलिस अधिकारियों को भारी पड़ गया। सूरतगढ़ एसीजेएम कोर्ट ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए तत्कालीन सिटी थानाधिकारी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर 40-40 हजार रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं।
अदालत ने आदेश दिया है कि जुर्माने की राशि 15 दिनों के भीतर तालुका विधिक सेवा समिति में जमा कराई जाए। यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं किया जाता है, तो पुलिस अधीक्षक को इसकी वसूली सुनिश्चित करनी होगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश की अवहेलना की स्थिति में राशि को जुर्माने के रूप में वसूल किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मामले में तत्कालीन एसएचओ दिनेश सारण, उप निरीक्षक सुभाष चंद्र और नगेंद्र सिंह पर 40-40 हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया गया है। अदालत ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ उनके नियंत्रक प्राधिकारियों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
