बीकानेर। गंगाशहर क्षेत्र के एक व्यापारी साइबर ठगी का शिकार हो गए, जिनके बैंक खाते से पांच लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई। मामले को लेकर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
इंद्रा चौक निवासी एवं रेडिमेड गारमेंट्स व्यवसायी चंचल कुमार बोथरा ने पुलिस को बताया कि 29 मई की शाम करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकासी का संदेश प्राप्त हुआ। अचानक आए इस संदेश से वे हैरान रह गए। इसके बाद लगभग 20 मिनट के भीतर उनके खाते से कुल 5 लाख 5 हजार 968 रुपये की राशि अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से निकाल ली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस को सूचित किया।
साइबर थाना अधिकारी शालिनी बजाज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवादी ने कुछ समय पहले गूगल पर किसी डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा था। आशंका है कि उसी दौरान किसी संदिग्ध लिंक या एपीके (APK) फाइल के माध्यम से उनके मोबाइल में मैलवेयर डाउनलोड हो गया हो। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
- Advertisement -
पुलिस ने बताया कि ठगी गई राशि को होल्ड कराने और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की तकनीकी जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इंटरनेट पर नंबर या सेवाएं खोजते समय केवल विश्वसनीय वेबसाइटों का ही उपयोग करना चाहिए। किसी भी अनजान लिंक, एप्लीकेशन या फाइल को डाउनलोड करने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे माध्यम साइबर अपराधियों के लिए ठगी का जरिया बन सकते हैं।
