बीकानेर शहर में टूटी सड़कों और गड्ढों की समस्या लगातार लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। खासकर पब्लिक पार्क स्थित जूनागढ़ के सामने बने गेट के पास बड़े-बड़े गड्ढों ने राहगीरों और वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी थी। यहां आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती थी और कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके थे।
स्थिति उस समय और अधिक गंभीर हो गई थी जब गेट टूटने के बाद लोहे का एंगल सड़क पर करीब एक फुट तक बाहर निकल आया था। इससे गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था। स्थानीय लोगों ने भी लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग उठाई थी।
जनहित से जुड़े इस मुद्दे को खुलास न्यूज ने प्रमुखता से उठाया और वीडियो सहित खबर प्रसारित की। खबर सामने आने के बाद बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। बुधवार दोपहर अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में सड़क पर निकले लोहे के एंगल को आरी से काटकर हटाया गया और खतरनाक गड्ढों को भरवाने का कार्य किया गया।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार फिलहाल गड्ढों को अस्थायी रूप से भरा गया है, क्योंकि संबंधित गेट का नवनिर्माण कार्य प्रस्तावित है। विभाग ने बताया कि इस गेट के निर्माण पर करीब 51 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
- Advertisement -
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को राहतभरा कदम बताया है, हालांकि लोगों का कहना है कि शहर की अन्य जर्जर सड़कों और खतरनाक स्थानों पर भी जल्द प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
