बीकानेर जिले के हदा थाना क्षेत्र स्थित सियाणा भैरव मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के ताले तोड़कर दानपात्रों से नकदी और माता का छत्र चुरा ले गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए वे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी साथ ले गए। बताया जा रहा है कि चोर पीछे की दीवार फांदकर मंदिर में घुसे और करीब 100 किलो वजनी दानपात्र को घसीटकर बाहर ले गए। घटना के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी रोष है। मंदिर पुजारी और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
