बीकानेर के जयपुर रोड स्थित Mahindra & Mahindra शोरूम के बाहर गुरुवार को वाहन मालिकों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। नाराज ग्राहक अपनी लग्जरी गाड़ियों में कचरा भरकर शोरूम पहुंचे और कंपनी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी से खरीदी गई गाड़ियों में बार-बार तकनीकी खराबियां आ रही हैं, लेकिन शोरूम में लंबे समय तक उनकी मरम्मत नहीं की जाती। साथ ही कर्मचारियों और मैनेजर के व्यवहार को भी ग्राहकों ने असंतोषजनक बताया।
कुछ वाहन मालिकों ने कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप लगाते हुए कहा कि अतिरिक्त पैसे देने वालों की गाड़ियां जल्दी ठीक कर दी जाती हैं, जबकि अन्य ग्राहकों को पार्ट्स नहीं होने का बहाना बनाकर परेशान किया जाता है। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन से बीकानेर के अधिकृत डीलर को बदलने और व्यवस्था में सुधार की मांग की है। फिलहाल कंपनी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
