बीकानेर। राजस्थान में सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को लेकर सरकार गंभीर हो गई है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के सरकारी स्कूल भवनों का टेक्निकल ऑडिट कराने का निर्णय लिया है। यह जांच सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के इंजीनियरों द्वारा की जाएगी और इसे जुलाई से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के आदेश के अनुसार, पीडब्ल्यूडी की टीम यह तय करेगी कि कौन से स्कूल भवन सुरक्षित हैं और कौन से बच्चों के लिए खतरा बन चुके हैं। जिन भवनों को असुरक्षित घोषित किया जाएगा, उन्हें तुरंत खाली कराकर सील किया जाएगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें नजदीकी सुरक्षित स्कूलों या सामुदायिक भवनों में शिफ्ट किया जाएगा।
बीकानेर जिले में करीब 120 स्कूल भवन जर्जर स्थिति में बताए जा रहे हैं। हाल ही में झालावाड़ में हुए स्कूल हादसे के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए जिले के 36 खस्ताहाल स्कूलों को खाली करा दिया है। इन स्कूलों के छात्रों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन स्कूलों को पहले ही दूसरी जगह शिफ्ट किया जा चुका है, उनके पुराने भवनों का भी तकनीकी ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
