राजस्थान में मंगलवार को भीषण गर्मी का असर जारी रहा। मौसम विभाग ने बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बारां, बूंदी और चित्तौड़गढ़ में दिन और रात दोनों समय लू चलने की चेतावनी दी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों तक हीटवेव और गर्म रातों की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं दूसरी ओर, सीकर, कोटपूतली-बहरोड़, कोटा, करौली, जयपुर, धौलपुर, भरतपुर और अलवर सहित कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन और बूंदाबांदी की भी संभावना जताई है।
