बीकानेर। शहर में बढ़ती गर्मी और बिजली की मांग को देखते हुए बीकेईएसएल ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कंपनी ने विभिन्न क्षेत्रों में लोड बढ़ाने, विद्युत तंत्र मजबूत करने और शिकायत निवारण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया है।
बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। बिजली आपूर्ति में खराबी दूर करने वाली एफआरटी टीमों की संख्या बढ़ाकर 37 कर दी गई है। यदि शिकायत के एक घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं होती है, तो उपभोक्ता दोबारा निर्धारित नंबरों पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
कंपनी ने कई पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई है। पुराने ट्रांसफार्मरों को उन इलाकों में लगाया गया है जहां लोड की समस्या अधिक थी। इसके अलावा पांच फीडरों पर लोड बैलेंसिंग का काम किया गया है, जिससे संबंधित क्षेत्रों में बिजली की गुणवत्ता बेहतर होगी।
विद्युत तंत्र को मजबूत करने के लिए 150 वितरण ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई और 300 ट्रांसफार्मरों का रखरखाव किया गया। ट्रिपिंग की समस्या वाले 75 फीडरों पर पेड़ों की टहनियां हटाने, इंसुलेटर और जम्पर बदलने जैसे कार्य भी किए गए हैं।
- Advertisement -
बीकेईएसएल ने पूगल रोड जीएसएस से अतिरिक्त फीडर तैयार करने का काम भी शुरू किया है, जिससे एमडीवी, गौशाला, खारा और बीछवाल जैसे क्षेत्रों में अलग-अलग फीडर के जरिए बेहतर बिजली आपूर्ति हो सकेगी। कंपनी का कहना है कि इन सुधारों से गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
