बीकानेर। नहरबंदी के चलते शहर में गहराए पेयजल संकट के बीच जलदाय विभाग ने अवैध रूप से पानी खींचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर के कई इलाकों में लोग पानी की सप्लाई लाइन से मोटर जोड़कर अधिक पानी खींच रहे थे, जिससे अन्य घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था।
लक्ष्मीनाथ मंदिर क्षेत्र के जलदाय विभाग की ईएन ललिता सेंगर और जेईएन प्रवीण व्यास ने अपनी टीम व पुलिस बल के साथ बड़ा बाजार, हमालों का मोहल्ला, मोहता की सराय और ठठेरों के मोहल्ले में कार्रवाई की। इस दौरान कई घरों में पानी की पाइपलाइन से सीधे मोटर जोड़कर पानी खींचते पाए गए लोगों की मोटरें जब्त की गईं।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर विरोध भी हुआ, लेकिन अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी में सभी लोगों तक पानी पहुंचाना जरूरी है और कुछ लोगों द्वारा मोटर लगाकर अधिक पानी खींचने से पूरे इलाके की सप्लाई प्रभावित होती है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई लोगों ने तुरंत अपने घरों से मोटरें हटा दीं। विभाग ने साफ किया है कि पानी की किल्लत को कम करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
