बीकानेर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे Operation Neelkanth के तहत गंगाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22 हजार नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
Rajasthan Police के अनुसार पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गंगाशहर थाना पुलिस ने घड़सीसर रोड स्थित एक मकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पेरागेब्लिन और ट्रेपेन्टाडोल जैसी नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि विपिन और अभिषेक नामक दो भाई इन दवाओं की अवैध बिक्री में शामिल थे।
पुलिस के मुताबिक जिस मकान से नशीली दवाएं बरामद हुईं, वह उमाशंकर नामक व्यक्ति का है, जिसने दोनों आरोपियों को किराए पर मकान दे रखा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।
यह कार्रवाई गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में की गई। पुलिस को यह सफलता कांस्टेबल मुखराम द्वारा दी गई सटीक सूचना के आधार पर मिली। फिलहाल पुलिस नशीली दवाओं के नेटवर्क और सप्लाई चैन की गहन जांच कर रही है। एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
