बीकानेर शहर में नशे का कारोबार लगातार बढ़ता नजर आ रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं। शहर के कई प्रमुख इलाकों में खुलेआम नशे की बिक्री होने के आरोप सामने आ रहे हैं, जहां युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आती जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली, नयाशहर और गंगाशहर थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले कई स्थान ऐसे हैं, जहां शाम होते ही संदिग्ध गतिविधियां तेज हो जाती हैं। कोतवाली क्षेत्र के आचार्यों की बगेची, कादरी कॉलोनी और मोहता सराय चौराहे जैसे इलाकों में तस्कर बाइक पर घूमते हुए छोटे-छोटे पैकेट में नशा बेचते देखे जा रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक युवक नियमित रूप से रात 9 बजे के बाद बाइक पर इन इलाकों में चक्कर लगाता है और नशे की पुड़िया सप्लाई करता है। कुछ स्थानों पर महिलाओं की संलिप्तता की भी चर्चा सामने आई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
इसी तरह कोटगेट थाना क्षेत्र के नायकों के मोहल्ले, जस्सूसर गेट, नत्थुसर गेट और करमीसर रोड स्थित हरलोई हनुमान मंदिर के आसपास भी नशे की गतिविधियां बढ़ने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम ढलते ही इन क्षेत्रों में तस्कर सक्रिय हो जाते हैं और ग्राहकों को आसानी से नशा उपलब्ध कराया जाता है।
- Advertisement -
हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन इलाकों में गश्त बढ़ाई जाए और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस जाल से बचाया जा सके।
