बीकानेर शहर में बढ़ती गर्मी के बीच उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए Bikaner Electricity Supply Limited (बीकेईएसएल) ने विशेष इंतजाम किए हैं। कंपनी ने शहरभर में 37 फॉल्ट रिपेयरिंग टीमें (एफआरटी) तैनात की हैं, ताकि किसी भी तरह की बिजली समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके।
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, गर्मी के मौसम में बिजली की मांग तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में ट्रिपिंग या फॉल्ट की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए इन टीमों को सक्रिय रखा गया है। उपभोक्ता किसी भी समस्या के लिए कंपनी की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जिनका प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है।
नीट परीक्षा के दौरान विशेष व्यवस्था
रविवार को आयोजित NEET परीक्षा को ध्यान में रखते हुए भी बीकेईएसएल ने विशेष तैयारी की थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त निगरानी रखी गई।
कंपनी ने परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की बिजली बाधा न आए, इसके लिए बैकअप और तकनीकी स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई थी। इसका परिणाम यह रहा कि किसी भी परीक्षा केंद्र से बिजली कटौती की शिकायत सामने नहीं आई और परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हुई।
- Advertisement -
उपभोक्ताओं को राहत
बीकेईएसएल की इस पहल से शहर के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। खासकर भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति का सुचारू रहना आमजन के लिए बेहद जरूरी है।
कंपनी का कहना है कि आने वाले दिनों में भी यह व्यवस्था जारी रहेगी और जरूरत के अनुसार टीमों की संख्या बढ़ाई जा सकती है, ताकि शहर में बिजली आपूर्ति लगातार बेहतर बनी रहे।
