जयपुर में वैश्विक तनाव, खासकर अमेरिका-ईरान संघर्ष का असर अब आम लोगों की जेब पर दिखने लगा है। गैस सप्लाई में रुकावट के बीच व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में करीब ₹993 की बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके बाद 19 किलो का सिलेंडर अब ₹2106 की बजाय ₹3099 में मिलेगा। नई कीमतें तुरंत लागू कर दी गई हैं।
हालांकि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत दी गई है, क्योंकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन व्यावसायिक सिलेंडर महंगा होने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और शादी-ब्याह के खर्चों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ेगा।
वहीं, 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत भी बढ़ाकर ₹833 कर दी गई है, जो पहले ₹591 में मिल रहा था। इससे खास तौर पर दिहाड़ी मजदूर और प्रवासी श्रमिक प्रभावित होंगे। पहले पहचान पत्र के आधार पर सस्ते सिलेंडर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन अब महंगे रिफिल के कारण उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
इसके अलावा, सप्लाई से जुड़े नियमों में बदलाव और अंतरराष्ट्रीय हालात के चलते कई जगहों पर गैस की कमी की स्थिति भी बनी हुई है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
