बीकानेर जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत चल रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के अंतर्गत रणजीतपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देशी शराब बनाने वाली दो चालू भट्टियों का पर्दाफाश किया। पुलिस ने कुल 9.5 लीटर अवैध शराब जब्त की और लगभग 180 लीटर कच्चा लाहण मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल तथा सीओ कोलायत संग्राम सिंह के मार्गदर्शन में की गई। थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 अप्रैल को अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई चक 25 डीओबीबी क्षेत्र में की गई, जहां धर्मसिंह (70) को अवैध शराब बनाते हुए पकड़ा गया। वह सब्जी की खेती की आड़ में सरकारी जमीन पर भट्टी लगाकर शराब तैयार कर रहा था। पुलिस ने उसके पास से 5 लीटर शराब और करीब 120 लीटर लाहण बरामद कर नष्ट किया।
दूसरी कार्रवाई चक 1 एएम राववाला में हुई, जहां जसवीर सिंह उर्फ जगसीर सिंह (55) को खेत में भट्टी चलाते हुए गिरफ्तार किया गया। वह पशुओं के चारे की आड़ में अवैध शराब बना रहा था। यहां से 4.5 लीटर शराब और करीब 60 लीटर लाहण बरामद कर मौके पर नष्ट किया गया।
- Advertisement -
दोनों मामलों में पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 16/54 के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस कार्रवाई में एएसआई आनंद सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।
