राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी कैलाश जिंदल के अनुसार, यह घटना बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि के बीच मौजपुर थाना क्षेत्र में पिलर नंबर 115/300 के पास हुई। दिल्ली से कोटा जा रही कार में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
इस हादसे में मध्यप्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाओं, एक बच्ची और एक पुरुष की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन वह लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस और लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल चुकी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
