राजस्थान में गर्मी लगातार तेज होती जा रही है और तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। बुधवार को राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन के तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां दिनभर आंधी और धूलभरी हवाएं भी चलीं। इसके अलावा कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़ और चूरू में भी तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ।
उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू में दिनभर हल्की से मध्यम गति की धूलभरी हवाएं चलती रहीं।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए जयपुर में 8वीं कक्षा तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, जो 27 अप्रैल से लागू होगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 24 अप्रैल से प्रदेश में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में राज्यभर में मौसम साफ बना रहा।
