बीकानेर के नाल रोड स्थित गंगा विश्वविद्यालय के सामने स्थित कुलदेवी देहरु माता मंदिर का स्थापना दिवस 17 जून को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत सोमवती अमावस्या और पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर सोमवार से हो चुकी है।
कार्यक्रम संयोजक जेठाराम पुरोहित और अध्यक्ष एडवोकेट पवन पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम दिन विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। सुबह 8 बजे पंडित पुखराज भादाणी के आचार्यत्व में गणपति पूजन, मंडप पूजन, अभिषेक और अन्य विधिवत पूजाएं संपन्न करवाई गईं।
इसके बाद सुबह 11 बजे अमावस्या हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर धार्मिक आस्था प्रकट की।
स्थापना दिवस पर मुख्य आयोजन 17 जून को
आयोजकों के अनुसार 17 जून को मंदिर का मुख्य स्थापना दिवस और पाटोत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। आयोजन समिति के सदस्य कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
- Advertisement -
समिति ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें।
आयोजन समिति सक्रिय, गांवों में निमंत्रण अभियान
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के समन्वयक भंवर पुरोहित, सचिव राजशेखर पुरोहित, रामेश्वर पुरोहित, कोषाध्यक्ष मास्टर पवन पुरोहित सहित अनेक कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े पदाधिकारी गांव-गांव जाकर समाजजनों को आमंत्रित कर रहे हैं और 17 जून को होने वाले पाटोत्सव में भाग लेने का आग्रह कर रहे हैं।
आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कुलदेवी देहरु माता का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
