बीकानेर। जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के कोडमदेसर स्थित भेरुजी मंदिर में दर्शन के दौरान एक वृद्ध महिला के गले से सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना रविवार की बताई जा रही है, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता संतोष देवी (60 वर्ष), निवासी बांदराबास बीकानेर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी बेटी माया और दामाद किशन के साथ कोडमदेसर भेरुजी मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। दर्शन के दौरान जब वह श्रद्धालुओं की लाइन में खड़ी थीं, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से उनके गले में पहने हुए सोने के मादलिया और सोने के फोटो फ्रेम का धागा काट लिया। चोरी हुए आभूषणों का वजन करीब दो तोला बताया गया है।
आभूषण गायब होने का अहसास होने पर पीड़िता ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाई। फुटेज में एक संदिग्ध महिला स्पष्ट रूप से चेन काटते हुए और आभूषण लेकर मौके से भागते हुए नजर आई।
पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर गजनेर थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी हुई है।
- Advertisement -

