पुलिस रेड के दौरान एक महीने की बच्ची की मौत हो जाने की खबर सामने आयी है। घटना अलवर के नौगांव इलाके की है, जहां रघुनाथगढ़ के पास तेलिया बास में रेड के दौरान एक महीने की बच्ची की मौत हो गई। आरोप है कि पुलिसवाले मासूम के पिता को पकड़ने के लिए चारपाई पर चढ़ गए, जहां बच्ची सो रही थी। पुलिसवाले के पैर के नीचे दबने से मासूम की मौत हो गई। मामले में 5 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत इमरान के घर दबिश देने के लिए गई थी। जिस बच्ची की मौत हुई है, उसकी मां राजीदा ने आरोप लगाया कि सुबह 6 बजे पुलिस की टीम घर पहुंची थी। इस पर उसने दरवाजा खोला तो पुलिसवालों ने उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पास रखी चारपाई पर चढ़कर पति को बिस्तर से खींचने लगे। पुलिसवालों ने चारपाई पर सो रही बेटी पर पैर रख दिया। राजीदा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया और खाली कागज पर साइन करा लिए।
एसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल गिरधरलाल, जगवीर, सिपाही ऋषिकेश, मोहम्मद शाहिद और सुनील को लाइन हाजिर कर दिया गया है। बच्ची के परिजनों ने पुलिस (छापेमारी करने वाली टीम) के खिलाफ शिकायत दी है, जिस पर मामला दर्ज कर जांच उद्योग नगर इंचार्ज को दी गई है। इसके अलावा अलग से डिप्टी रैंक के अधिकारी से जांच कराई जाएगी। जांच में कुछ गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
