बीकानेर। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों को ट्रेन में उनका कोच ही नहीं मिला। काफी देर तक ट्रेन के एक छोर से दूसरे छोर तक चक्कर काटने के बाद भी डिब्बा नजर नहीं आया। बाद में पूछताछ की तो पता चला कि रेलवे की ओर से यहां पर एक कोच लगाया ही नहीं गया है। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए दूसरे कोच में बैठकर यात्रा तय करनी पड़ी।
ये वाकया शुक्रवार सुबह 5:00 बजे जोधपुर रेलवे स्टेशन से दादर जाने वाली भगत की कोठी-दादर एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 14807 के SE-1 कोच के यात्रियों के साथ हुआ। इस बीच रेलवे की लापरवाही का शिकार हुए यात्रियों ने समदड़ी स्टेशन पर हंगामा किया और ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज करवाई। शिकायतों के बाद रेलवे ने अहमदाबाद स्टेशन पर SE-1 कोच लगाने की बात कही, जबकि नियमानुसार जोधपुर में ही ट्रेन में कोच लगना चाहिए था।
सर्दी में भटकते रहे यात्री
बता दें कि जोधपुर से अहमदाबाद तक का सफर 461 किलोमीटर का है। यात्रा कर रहे टीकमचंद ने बताया कि रेलवे की लापरवाही की वजह से उन्हें ठंड में इधर- उधर भटकना पड़ा। SE-1 कोच नहीं होने की वजह से उन्हें काफी परेशानी हुई।
