बीकानेर। शहर की प्रमुख सड़कों में शुमार पूगल रोड इन दिनों गंदगी की समस्या से जूझ रही है। माखन भोग के पास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से कचरे और मलबे के ढेर लगे होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति ऐसी है कि आवागमन तक प्रभावित हो रहा है।
सड़क पर फैला कचरा और गंदा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे प्लास्टिक की थैलियां, घरेलू कचरा और निर्माण कार्य का मलबा खुलेआम पड़ा हुआ है। नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल रहा है, जिससे बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह पत्थर और मलबा डाल दिए जाने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
राहगीरों और वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते समय खासा सतर्क रहना पड़ रहा है। बरसाती पानी और नाले की निकासी नहीं होने से हालात और भी खराब हो गए हैं।
प्रशासन से समाधान की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता योगेन्द्र सिंह ने इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, लेकिन न तो सफाई कर्मचारियों और न ही नगर निगम के अधिकारियों का इस ओर ध्यान जा रहा है।
- Advertisement -
योगेन्द्र सिंह ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं हुई तो क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
स्थानीय लोगों में रोष
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह की अव्यवस्था शहर की छवि को भी प्रभावित कर रही है। उन्होंने मांग की है कि नगर निगम तत्काल सफाई अभियान चलाकर कचरे और मलबे को हटाए, नाले की उचित व्यवस्था करे और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं। फिलहाल सभी की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

