बीकानेर। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहयोग का प्रेरणादायी उदाहरण सोमवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, नायक मोहल्ला, राजीव नगर में देखने को मिला। श्रीमती अलका पारीक के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित करने के साथ-साथ मेधावी छात्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजनाओं की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में श्रीमती सीमा पारीक, श्रीमती अलका पारीक, श्री मेघराज गहलोत एवं श्री राजेश पारीक ने विद्यालय पहुंचकर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान सभी बच्चों को पेन, पेंसिल, रबर, कटर और कॉपियां वितरित की गईं। साथ ही बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें टॉफियां भी दी गईं।
इस अवसर पर श्री राजेश पारीक ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में जो विद्यार्थी अपनी कक्षा के साथ-साथ पूरे विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करेगा, उसकी आगे की संपूर्ण शिक्षा का खर्च वे स्वयं वहन करेंगे। उनकी इस घोषणा का विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री मेघराज गहलोत ने भी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घोषणा की कि विद्यालय की 5वीं एवं 8वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। उनका कहना था कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।
- Advertisement -
विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री शिव शंकर गोदारा ने अतिथियों एवं भामाशाहों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है। ऐसे प्रयास शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मनीषा धतरवाल, रणबीर स्वामी, सुश्री कविता, सुश्री पूजा मलिक सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी भामाशाहों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
