बीकानेर जिले के बज्जू क्षेत्र के सेवड़ा गांव में गैस सिलेंडर ब्लास्ट से हुए भीषण अग्निकांड ने एक गरीब परिवार की जिंदगी को गहरे संकट में डाल दिया। हादसे में परिवार का कच्चा झोंपा पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे नगदी, जेवरात, अनाज और घरेलू उपयोग का सामान नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार सेवड़ा गांव निवासी श्रवणराम मेघवाल पुत्र अखाराम मेघवाल के कच्चे झोंपे में अचानक गैस सिलेंडर फटने से आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे झोंपे को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अग्निकांड में परिवार की वर्षों की जमा पूंजी भी जलकर राख हो गई। घर में भट्टे की पेशगी के रूप में रखी नगदी, जेवरात, जीरा, मोठ, गेहूं सहित अन्य खाद्यान्न पूरी तरह नष्ट हो गए। इसके अलावा घरेलू उपयोग का सामान और मोबाइल फोन भी आग की भेंट चढ़ गया।
ग्रामीणों का कहना है कि श्रवणराम मेघवाल का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है और यह कच्चा झोंपा ही उनका एकमात्र आशियाना था। आग लगने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने तक की समस्या खड़ी हो गई है। खाने-पीने और दैनिक जरूरतों की व्यवस्था भी चुनौती बन गई है।
- Advertisement -
हादसे के बाद गांव में संवेदना का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि परिवार को राहत राशि के साथ आवास और आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध करवाई जानी चाहिए, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
ग्रामीणों ने भामाशाहों और सामाजिक संगठनों से भी आगे आकर परिवार की मदद करने की अपील की है। फिलहाल पीड़ित परिवार सहायता की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहा है।
