बीकानेर में केंद्रीय विधि एवं न्याय (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने रविवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय में रेलवे एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में रेल विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेलवे अवसंरचना विकास और लंबित कार्यों की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग और क्षेत्र में रेल सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर भी बल दिया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए बीकानेर रेल मंडल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंडल में रेलवे दोहरीकरण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। मनहेरू-भिवानी रेलखंड के 13 किलोमीटर तथा रतनगढ़-चूरू रेलखंड के 44 किलोमीटर हिस्से का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं चूरू-दूधवाखारा रेलखंड के 29 किलोमीटर हिस्से में भी दोहरीकरण कार्य पूर्ण कर रेल संचालन शुरू किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि इन रेलखंडों में स्वचालित सिग्नलिंग प्रणाली लागू होने से रेल संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हुआ है। इसके साथ ही बीकानेर रेल मंडल के पूरे 1780 रूट किलोमीटर क्षेत्र का विद्युतीकरण कार्य भी पूरा हो चुका है। वर्तमान में मंडल की अधिकांश यात्री और मालगाड़ियां विद्युत इंजनों से संचालित की जा रही हैं।
- Advertisement -
बैठक में रेलवे की वॉशिंग लाइन सुविधाओं के विस्तार की भी जानकारी दी गई। लालगढ़ में तीन नई वॉशिंग लाइनों को स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। हनुमानगढ़ में एक नई वॉशिंग लाइन का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सूरतगढ़, हिसार और भिवानी में भी नई वॉशिंग लाइनों को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद मंडल में वॉशिंग लाइनों की संख्या 7 से बढ़कर 18 हो जाएगी।
कोटगेट और सांखला फाटक की समस्याओं पर विशेष चर्चा
बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने स्थानीय रेल सुविधाओं के साथ-साथ कोटगेट और सांखला रेलवे फाटकों से जुड़ी समस्याओं पर विशेष चर्चा की। उन्होंने रेलवे और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समीक्षा बैठक में मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के रेल विकास कार्यों को गति देने और यात्री सुविधाओं में सुधार को लेकर महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा की गई।
