बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर रिसर्च सेंटर में गुरुवार रात उपचार के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि महिला को पेट के कैंसर की अंतिम अवस्था थी और उसे तेज दर्द की शिकायत पर भर्ती कराया गया था।
आरोप है कि नर्सिंग स्टाफ ने दर्द निवारक इंजेक्शन डाइक्लोफेनाक कैनुला के जरिए तेजी से लगाया, जिसके तुरंत बाद महिला के हाथ में तेज जलन हुई और उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार महिला के होंठ काले पड़ गए और वह बेहोश होकर बेड पर गिर गई।
स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों को बुलाया गया और ऑक्सीजन दी गई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। मृतका के पति ने आरोप लगाया कि डॉक्टर समय पर नहीं पहुंचे और ऑक्सीजन सिलेंडर चालू करने में भी लापरवाही बरती गई।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय नेता रामनिवास कूकणा भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक अस्पताल परिसर में हंगामा चलता रहा।
