बीकानेर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पूगल क्षेत्र में एक सड़क हादसे के बाद स्कूटी की डिग्गी से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, पूगल से खाजूवाला जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक युवक घायल अवस्था में बेहोश मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पहले उसे पूगल के अस्पताल ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर पीबीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
शुरुआत में पुलिस ने इसे सामान्य सड़क हादसा माना और क्षतिग्रस्त स्कूटी को थाने ले आई। लेकिन जांच के दौरान स्कूटी की डिग्गी में संदिग्ध पैकेट मिले। तलाशी लेने पर कुल 27 छोटे पैकेट्स में लगभग 14 किलो हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 70 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक की पहचान खेताराम के रूप में हुई है, जो पाली जिला का निवासी है। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
